स्पॉट फिक्सिंग मामले में 'फरार' चल रहे बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को आखिरकार मुंबई पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मयप्पन को अपनी कार में बिठा लिया और वह उन्हें पूछताछ के लिए अपने ऑफिस ले जा रही है। मयप्पन के साथ उनका वकील भी है।
इससे पूर्व मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच प्रमुख हिमांशू रॉय ने बताया कि एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी नहीं होगी। क्राइम ब्रांच में मयप्पन से पूछताछ होगी इसके लिए सवाल तैयार कर लिए हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद मयप्पन की गिरफ्तारी हो सकती है।
श्रीनिवासन की गर्दन कसी
सुरसा के मुंह की तरह फैलते जा रहे इस दानव के हाथ अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के चेयरमैन एन. श्रीनिवासन की गर्दन पर कस गए हैं। सट्टेबाजी को लेकर गिरफ्तार किए बॉलीवुड अभिनेता विंदु दारा सिंह के गुरुनाथ मयप्पन का नाम लेने के बाद उन पर चौतरफा इस्तीफा देने का दबाव पड़ने लगा है।
राष्ट्रीय जनता दल और नेशनल कम्युनिस्ट पार्टी ने तो नैतिकता का तकाजा देकर बाकायदा इस्तीफे की मांग कर ली है। गुरुनाथ मयप्पन, एन श्रीनिवास के दामाद होने के साथ ही आईपीएल खेल रही चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक भी हैं।
हालांकि, आपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने उनका बचाव किया है लेकिन उनकी कुर्सी का बच पाना संभव नहीं दिखाई दे रहा है। कोढ़ में खाज तब और हो गया जब श्रीनिवासन के बेटे अश्विन ने खुद ही मैयप्पन को लेकर कई खुलासे किए और ढेरों सवाल भी उठाए।
मयप्पन ना CEO हैं, ना मालिकः इंडिया सीमेंट
फिक्सिंग में मयप्पन की संलिप्तता के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने भी उन्हें रियायत देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोमवार तक की जो मोहलत मांगी थी, मुंबई पुलिस ने इसे सिरे से नकार दिया।
बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक मुंबई पुलिस अगर मयप्पन को गिरफ्तार करती है, तो श्रीनिवासन को इस्तीफा देना पड़ जाएगा। बीसीसीआई ने इस पर मंथन करना भी शुरू कर दिया है कि श्रीनिवासन के इस्तीफे के बाद उनकी कुर्सी कौन संभालेगा।
इस दिशा में पहला नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का लिया जा रहा है। इसकी संभावना तब और बढ़ गई जब शुक्रवार दोपहर आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने बीसीसीआई उपाध्यक्ष अरुण जेटली ने से मुलाकात की।
हालांकि बाद में ये दोनों कानून मंत्री कपिल सिब्बल से मिलने पहुंचे और उनसे फिक्सिंग से निपटने को कड़ा कानून बनाने की मांग की। इसके पहले मुंबई पुलिस ने मयप्पन की वह गुजारिश नामंजूर कर दी जिसमें उन्होंने सोमवार तक का समय मांगा था।
दरअसल बृहस्पतिवार को मयप्पन के घर पहुंची पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा था। मुंबई पुलिस के जॉइंट पुलिस कमिश्नर हिमांशु राय ने बताया कि मयप्पन को पुलिस के सामने उपस्थिति होने के लिए शुक्रवार शाम पांच बजे तक का समय दिया गया है। पुलिस की सख्ती के आगे घुटने टेकते हुए मदुरै में मौजूद मैयप्पन ने समय सीमा में पहुंचने का वादा तो किया पर उन्होंने इसे निभाया नहीं। वह शाम पांच बजे तक की मियाद खत्म होने के बाद भी मुंबई पुलिस के सामने पूछताछ के उपस्थित नहीं हुए।
अश्विन ने बढ़ाईं ‘पिता-जीजा’ की मुश्किलें
एन. श्रीनिवासन के बेटे अश्विन ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में मयप्पन और बीसीसीआई अध्यक्ष को लेकर कई राज तो खोले ही चुभते सवालों की बौछार भी कर दी।
अश्विन ने कहा है कि मयप्पन के रिश्ते आईपीएल शुरू होने के पहले ही चेन्नई और दुबई के कई सट्टेबाजों से रहे हैं। उन्होंने अपने पिता श्रीनिवासन के छोटे प्लेन खरीदने के फैसले पर भी सवाल उठाए।
अश्विन ने कहा, सवाल यह है कि मेरे पिता ने ऐसा प्लेन क्यों खरीदा, जिसमें बार-बार ईंधन भरवाने की जरूरत पड़ती है। वह जब भी विदेश जाते हैं, तो चार घंटे के लिए दुबई इसलिए रुकते हैं क्योंकि उन्हें प्लेन में ईंधन भरवाना होता है।
क्या यह अजीब नहीं है कि श्रीनिवासन जैसा ताकतवर आदमी चार घंटे प्लेन में ईंधन भरवाने में बर्बाद करता है। सवाल यह भी है वह ईंधन भरवाने के लिए दुबई में ही क्यों रुकते हैं, कुवैत या शारजाह में क्यों नहीं? उन्होंने कहा कि दुबई में चार घंटे रुकने के दौरान श्रीनिवासन किसके साथ गोल्फ खेलते हैं, यह भी पता लगाना चाहिए।

0 comments:
Post a Comment