Searching...
Thursday, 17 January 2013

एलपीजी सिलिंडर का कोटा बढ़ा, महंगा होगा डीजल


नई दिल्ली।। केंद्रीय कैबिनेट ने अहम फैसला करते हुए सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडर का सालाना कोटा 6 से बढ़ाकर 9 कर दिया है। इस फैसले के बाद इस साल मार्च तक आम आदमी कुल 5 सब्सिडी वाले सिलिंडर ले सकेगा। अगले फाइनैंशल इयर 2013-2014 में 1 अप्रैल से 31 मार्च तक लोग 9 सब्सिडी वाले सिलिंडर ले सकेंगे। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सिलिंडर के दाम नहीं बढ़ाने का भी फैसला किया गया। लेकिन सब्सिडी वाले सिलिंडर बढ़ने पर ज्यादा खुश मत होइए। सरकार 'एक हाथ दे, एक हाथ ले' स्टाइल में डीजल के दाम बढ़ाने जा रही है।

डीजल के दाम 50 पैसे/लीटर हर महीने बढ़ेंगे?: सरकार ने डीजल की कीमत पर से आंशिक तौर पर नियंत्रण हटा लिया है। अब ऑइल मार्केटिंग कंपनियां कुछ समय के लिए डीजल की कीमत खुद तय करेंगी। सरकारी नियंत्रण हट जाने से डीजल की कीमत में बढ़ोतरी तय है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेल कंपनियां डीजल के दाम 50 पैसे/लीटर हर महीने बढ़ाएंगी। इसके अलावा बड़े ग्राहकों को सब्सिडी पर डीजल नहीं मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक तेल कंपनियां पेट्रोल के दाम में 25 पैसे की कटौती कर सकती हैं। सूत्रों का कहना आज आधी रात से डीजल की कीमत में इजाफा हो सकता है।

पड़ेगी महंगाई की मारः डीजल के महंगे होने का मतलब साफ है कि अब खेती, माल ढुलाई, ट्रांसपोर्ट और बिजली उत्‍पादन महंगा हो जाएगा। अनाज, फल-सब्जियां, यात्री भाड़ा और बिजली के दाम सीधे-सीधे बढ़ जाएंगे।

कंपनियों को डीजल पर 9 रुपये/लीटर का घाटाः पेट्रोलियम कंपनियों को डीजल पर 9 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। यानी सरकार प्रत्येक लीटर डीजल पर 9 रुपये की सब्सिडी दे रही है। बताया जा रहा है कि ऑइल मार्केटिंग कंपनियां एक बार में सब्सिडी खत्म नहीं करेंगी। तेल मंत्रालय ने विजय केलकर पैनल के सुझावों के आधार पर कैबिनेट कमिटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स को डीजल, एलपीजी और केरोसिन तेल की कीमतों को संशोधित करने का सुझाव दिया था। पैनल ने डीजल का दाम तुरंत 4 रुपये प्रति लीटर, केरोसिन का दाम 2 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी का दाम 50 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ाने का सुझाव दिया था। पैनल ने मासिक आधार पर दाम बढ़ाने का सुझाव दिया है। हालांकि, सरकार ने सिलिंडर और केरोसिन की कीमतों पर फिलहाल फैसला नहीं लिया है।

इस समय दिल्ली में डीजल का दाम 47.15 रुपये प्रति लीटर है। पिछले साल 14 सितंबर को डीजल के दाम को 5.63 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया था। केरोसिन के दाम को जून 2011 के बाद से नहीं बढ़ाया गया है। दिल्ली में इसका दाम 14.79 रुपये प्रति लीटर है। सब्सिडाइज्ड एलपीजी का दाम 410.50 रुपये प्रति सिलिंडर है। एलपीजी सिलिंडर का ओपन मार्केट में 895.50 रुपये दाम है। डीजल पर सरकार को 9.03 रुपये प्रति लीटर, केरोसिन पर 32.17 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी पर 490.50 रुपये प्रति सिंलिडर का नुकसान हो रहा है। 

0 comments:

Post a Comment

 
Back to top!