नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने आत्मरक्षा अभियान एनफ इज एनफ के लांच के मौके पर कहा कि अब वक्त आ गया है, जब महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं खड़े होना होगा।
इस अभियान का आयोजन शिल्पा के पति राज कुंद्रा की सुपरफाइट लीग और डीएनए ने मिलकर किया। उन्होंने कहा, अब वक्त आ चुका है, जब हम महिलाओं को अपनी कीमत समझनी चाहिए और यह किसी भी तरह की विपरीत परिस्थितियों में आश्वस्त रहने के लिए बहुत जरूरी है। आमतौर पर देखा जाता है कि जब हम पर अत्याचार किया जाता है, तो हम डर जाती हैं। मैं समझती हूं कि अब बदलाव का समय है।
शिल्पा दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले से भी काफी दुखी हैं और उनका कहना है कि ऐसा तब तक चलता रहेगा जब तक कि लोगों के दिमाग में महिलाओं के लिए इज्जत नहीं होगी। उन्होंने कहा, महिलाओं को अपनी ताकत समझनी चाहिए। हमारे पास ताकत है और हमें इसके प्रति जागरूक होना है, लेकिन हम यह नहीं जानती कि ताकत का इस्तेमाल कैसे करना है।
शिल्पा ने कहा, मुझे लगता है कि यह जरूरी है कि विशेषकर स्कूलों से ही बच्चों के दिमाग में महिलाओं के प्रति सम्मान पैदा करना होगा। इसी से मस्तिष्क का पूर्वाग्रह बदला जा सकेगा। महिला को केवल सेक्स की वस्तु के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
अभियान के दौरान शिल्पा और राज ने लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए।

0 comments:
Post a Comment