जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से फायरिंग और गोलाबारी थमने का नाम नहीं ले रही है. पाकिस्तान ने सोमवार को बीएसएफ की 40 चौकियों को निशाना बनाया. सीमा पार से हो रही गोलाबारी और फायरिंग में आज बीएसएफ जवान देवेंद्र सिंह शहीद हो गए. इंटरनेशनल बॉर्डर के पास सांबा सेक्टर के चिल्यारी और राजपुरा में हो रही हेवी फायरिंग को देखते हुए पुलिस ने 50 से 60 आम नागरिकों को जम्मू के सेफ इलाकों में पहुंचाया गया है.
पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन से जम्मू-कश्मीर के सीमाई इलाकों में दहशत फैल गई है. बीते दिनों पाकिस्तानी गोलीबारी में दो भारतीय शहीद हो चुके हैं, जबकि एक महिला की मौत हो चुकी है. पाकिस्तानी रेंजर्स ने शनिवार को भी कठुआ और सांबा सेक्टर में बीएसएफ की 26 चौकियों पर गोलीबारी की थी.
जम्मू-कश्मीर के सीमाई इलाकों में पाकिस्तान लगातार भारतीय चौकियों को निशाना बना रहा है. रविवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर से सटी पाकिस्तान की सीमा में मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के मूवमेंट की भी खबर आई. इसके अलावा खुफिया एजेंसी के हवाले से यह खबर भी आई थी कि सांबा सेक्टर के चिल्यारी गांव की दूसरी तरफ पाकिस्तान की सीमा में 30 से 40 लोग देखे गए हैं. पाकिस्तान के सीमा से सटे गांव- चक्कबरा, मकवाल और लांबियार में मौजूद इन लोगों के लश्कर आतंकी होने का शक जताया गया है, जो कि भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की फिराक में हैं. ऐसे में हाफिज सईद की मौजूदगी किसी बड़ी घटना की ओर इशारा करती है.
पाकिस्तानी रेंजर्स भारतीय पोस्टों पर 81 MM मोर्टार दाग रहे हैं और मीडियम मशीन गन से गोलीबारी कर रहे हैं. पिछले पांच दिन से हो रही लगातार गोलीबारी की वजह से ग्रामीण पलायन को मजबूर हो रहे हैं.
Source: http://goo.gl/zNEkKl

0 comments:
Post a Comment