नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी इरफान पठान को 2015 वर्ल्ड कप पूल में शामिल करना चाहते हैं। इंग्लैंड को वनडे सीरीज में 3-2 से मात देने के बाद कप्तान धौनी के हौसले बुलंद हैं। अब उनका पूरा ध्यान 2015 के क्रिकेट विश्व कप पर टिका हुआ है।
धौनी ने कहा कि अगला विश्व कप जीतने के लिए हमें हमें ऐसे खिलाडि़यों की जरूरत है, जो टीम के लिए बड़ी पारियां खेल सकें। हमारे पास ऐसे बेहतरीन खिलाड़ी होने चाहिए, जिससे रोटेशन पॉलिसी अपनाई जा सके। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने कुछ महीने पहले कप्तान धौनी को 2015 विश्व कप के लिए प्लान करने को कहा था। धौनी इसी मद्देनजर अच्छे खिलाडि़यों की लिस्ट तैयार करना चाहते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज समाप्ति के बाद धौनी ने कहा कि हमारे लिए चिंता का विषय बेहतरीन ऑलराउंडर की कमी है। इस स्थान को रविंद्र जडेजा, आर. अश्विन और भुवनेश्वर कुमार भर सकते हैं, लेकिन वे एक बेहतरीन तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की तलाश में हैं। भुवनेश्वर कुमार अभी नए हैं। ऐसे में इरफान पठान टीम इंडिया के लिए बेहतर साबित हो सकते हैं।
धौनी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इन फॉर्म खिलाड़ी इरफान पठान इस कमी की भरपाई कर सकते हैं। वहीं, रविंद्र जडेजा स्पिन गेंदबाजी के साथ टीम में ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीम में सातवें और आठवें नंबर की पोजिशन काफी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में टीम को इस नंबर की भरपाई करने के लिए अच्छे खिलाड़ी की तलाश है, जिसे पठान पूरा कर सकते हैं।
इसके अलावा धौनी ने कहा कि उन्हें मैच के दौरान प्रयोग करने से बिलकुल डर नहीं लगता। इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली में खेले गए चौथे मुकाबले में रोहित शर्मा को ओपनिंग के लिए उतारा, जिसमें वे सफल हो गए। सुरेश रैना की तरीफ करते हुए धौनी ने कहा कि वे अच्छे मैच फिनिशर के रूप में सामने आए हैं, लेकिन उन्हें अभी और कई बड़ी जिम्मेदारियों का पालन करना है।
खराब फॉर्म से जूझ रहे गौतम गंभीर के बारे में धौनी ने कहा कि वे टीम के महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके पास काफी अनुभव है, इसलिए 2015 विश्व कप क्रिकेट पूल में उनका स्थान काफी मायने रखता है। हां, पिछले कुछ मैचों में गंभीर बुरे दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे फॉर्म में जल्द ही वापस आ जाएंगे।

0 comments:
Post a Comment